कैसे करें मोटापे की पहचान?

कैसे करें मोटापे की पहचान?

सेहतराग टीम

अधिक खाने से अधिक रोग उत्पन्न होते हैं। सबसे पहले हम यह जानने का प्रत्यन करते हैं कि मोटापे की पहचान क्या है? निश्चित रूप से मोटापा एक अभिशाप है। यह व्यक्ति को अपनी ही नजरों में गिरा देता है, दूसरों के उपहास का पात्र बना देता है, व्यक्ति को समाज से अलग कर देता है आदि।

पढ़ें- मोटापा: समझिए बी.एम.आई. को

मोटापे से पीड़ित लोगों को निम्नलिखित स्थितियों का समाना करना पड़ता है-

  • गरदन का मांस लटक जाता है।
  • बांहें, गरदन और हाथ भारी हो जाते हैं।
  • कमर का घेरा बढ़ने से पेट निकल आता है, जो देखने में भद्दा लगता है।
  • कमीज गले, कंधे, बाजू, छाती, कमर और पेट से तंग हो जाती है।
  • पेट पर पैंट का घेरा बढ़ जाता है और बंधी हुई बेल्ट भी नहीं दिखाई देती है, क्योंकि पेट का बढ़ा मांस उसे छिपा देता है।
  • जांघों और पिंडलियों का घेरा बढ़ जाने से पैंट या पजामा तंग होकर या फंसकर आता है।
  • पांवों पर अतिरिक्त मांस चढ़ने से जुराब या जूता फिट नहीं आता।
  • सामान्य गति से चलने पर भी सांस फूलने लगती है और थोड़ी दूर चलने पर ही शरीर थक जाता है और स्थिति कष्टदायी हो जाती है।
  • भोजन के बाद कड़वी, खट्टी, कसैली, अम्लीय डकारें आती हैं, पेट में वायु रुक जाती है और इधर-उधर घूमती हैं या एक जगह ही फंस जाती है या फिर पेट में दर्द होने लगता है।
  • दस्त या कब्ज की शिकायत अक्सर बनी ही रहती है।
  • जोड़ों में दर्द, कड़कड़ाहट की आवाज, सूजन चढ़ जाती है।
  • नाड़ियां सुन्न होने से शरीर निष्प्राण-सा हो जाता है।
  • थोड़े से श्रम से शरीर थक जाता है और पसीना छूटने लगता है।
  • कूल्हे भारी हो जाते हैं। जैसे पेट बाहर की ओर बढ़कर ढलकने लगता है वैसे ही कूल्हे पीछे की ओर से बढ़ जाते हैं।

आप मोटे हैं या नहीं, यह निश्चित करने की एक साधारण विधि है। वसा ऊपर की ओर चमड़ी के नीचे एकत्रित होती है। आप ऊपर की चमड़ी अंगूठे और उंगलियों के बीच में पकड़ें और ऊपर उठाएं। अगर आप मोटे नहीं हैं तो उठा हुआ मांस एक इंच के चौथाई भाग से कम ऊंचा ही उठेगा अगर मांस आधा इंच उठता है तो इसका मतलब है मोटापे की प्रक्रिया शुरू हो गई है और चमड़ी के नीचे वसा प्रारंभिक दशा में जमा होनी शुरू हो गई है। अगर मांस पौन इंच या इससे ऊपर उठता है तो आप निश्चित रूप से मोटापे की चपेट में आ गए हैं। यह स्थिति एक प्रकार की चेतावनी है, जिससे आपको सचेत हो जाना चाहिए और मोटापा कम करने के प्रभावी उपाय अपनाने शुरू कर देने चाहिए।

(इस आलेख को डॉ. अनिल चतुर्वेदी द्वारा लिखी गयी किताब WEIGHT LOSS के 101 टिप्स से लिया गया है।)

इसे भी पढ़ें-

योजना बनाकर वजन घटाइए

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।